फैक्ट चेक: क्या मालदीव की संसद में पीटे गए राष्ट्रपति मुइज्जू? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई

क्या मालदीव की संसद में पीटे गए राष्ट्रपति मुइज्जू? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई
  • राष्ट्रपति मुइज्जू के पीटने का वीडियो वायरल
  • वायरल वीडियो में किया गया झूठा दावा
  • यहां जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मालदीव में इन दिनों सियासी हलचल तेज है। लक्षद्वीप पर भारत से हुए विवाद के बाद मालदीव में आंतरिक सियासी उठापटक शुरू हो गई। चीन के प्रति मुइज्जु सरकार का झुकाव और भारत से बेरूखी विपक्ष को पसंद नहीं आ रही है। नाराज विपक्ष सरकार के खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी में है। इस बीच सोशल मीडिया पर मारपीट का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मालदीव की संसद में हुए विवाद का है और इसमें पिट रहा शख्स राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू हैं।

क्या हो रहा है वायरल?

दरअसल, ज्योति कुमार लाठ नाम के एक फेसबुक यूजर ने 1 फरवरी को 15 सेकण्ड का एक वीडियो पोस्‍ट किया है। इसे शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, "आज मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जु की संसद मे कुटाई हो गई। हिन्दूओं से नफरत करना और भारत के बहिष्कार के कारण मालदीव की अर्थव्यवस्था डगमगा गई हैं।" इस पोस्ट को सच मानकर अन्य यूजर्स भी वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खूब शेयर कर रहे हैं। लेकिन हमारी पड़ताल में यह वीडियो फेक निकला है।

कैसे पता चली सच्चाई?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीवर्ड्स सर्च किए। इससे हमें इसी वीडियो से जुड़ी एक खबर लाइवमिंट की वेबसाइट पर मिली। इस खबर में बताया गया था कि यह संसद में लड़ाई का वीडियो मालदीव का ही है। लेकिन इसमें मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू नहीं हैं। बल्कि आपस में लड़ रहे दोनों व्यक्ति एमडीपी सांसद ईसा और पीएनसी सांसद अब्दुल्ला शाहीम अब्दुल हकीम हैं। इसके अलावा हमें यही वीडियो मालदीव के मंत्री मालशा शरीफ के ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर भी मिला। उन्होंने भी यही बताया है कि संसद भवन में दोनों सांसद आपस में भिड़ गए थे।

Created On :   2 Feb 2024 1:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story